पडरौना। कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान व दस्तक अभियान की बैठक हुई। इसमें वेक्टर जनित रोग की रोकथाम के लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी कदम उठाने के लिए निर्देश दिया गया है। समीक्षा के दौरान सुकरौली और तमकुहीराज की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित एमवाईसी को सीडीओ ने फटकार लगाते हुए सुधार लाने के लिए निर्देश दिया।
सीडीओ गुंजन द्विवेदी ने कहा कि वेक्टर जनित रोगों, संचारी रोग जैसे एईएस, जेई, कालाजार, डेंगू, मलेरिया, दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण तथा त्वरित एवं सही उपचार करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाएं। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकार्ता व आशा के कार्यों की जानकारी लेते हुए क्षेत्र भ्रमण की स्थित सुकरौली और तमकुहीराज में सबसे खराब मिलने पर संबंधित एमवाईसी व अन्य संबंधित को फटकार लगाते हुए कार्य प्रणाली में सुधार लाने की नसीहत दी।
इसके बाद सीडीओ ने पंचायती राज, नगर विकास विभाग, पशुपालन विभाग, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, शिक्षा विभाग, द्विव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, कृषि विभाग, सहित अन्य सभी संबंधित विभागों की समीक्षा कर शहरी क्षेत्रों में फागिगं करवाना, खुले में शौच न करने, शुद्ध पेयजल के प्रयोग तथा मच्छरों की रोकथाम के लिए जागरुकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। इस दौरान सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया, डीपीआरओ आलोक प्रियदर्शी, जिला प्रोवेशन अधिकारी विनय कुमार, जिला कृषि अधिकारी डॉ. मेनका सिंह, बीएसए डॉ. राम जियावन मौर्या आदि मौजूद रहे।