पटहेरवा। ट्रक के पहिए से गिट्टी निकालने के दौरान अज्ञात वाहन की ठोकर से घायल युवक की मौत हो गई। पुलिस ने युवक के पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है।
तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के सपही टड़वा गांव निवासी धर्मदेव ने पटहेरवा पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि उनका पुत्र सुग्रीव (34) ट्रक पर खलासी का काम करता था। 11 नवंबर को लवनिया चौराहे पर ट्रक के पहिए में फंसी गिट्टी निकाल रहा था। इसी दौरान किसी वाहन ने उसे ठोकर मार दी। सुग्रीव गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने मेडिकल कालेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान मेडिकल कालेज में उसकी मौत हो गई। पटहेरवा पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। संवाद