पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के पड़री मेहंदिया में बुधवार को विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में भाई के तहरीर पर पुलिस ने ससुर व पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कर जांच में जुट गई है।
थाना क्षेत्र के पडरी टोले में बुधवार को पवन तिवारी की पत्नी प्रीति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। विवाहिता के भाई धनेश्वर पांडेय महराजगंज जिला के दुर्गवलिया गांव निवासी ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनकी बहन को उसके पति व ससुर हमेशा प्रताड़ित करते थे। इसकी शिकायत वह फोन पर परिजनों से करती थी। माता-पिता उसे समझाते थे कि समय के साथ बदलाव हो जाएगा। आरोपी पति पंकज तिवारी विदेश जाने के बाद भी फोन पर उसे प्रताड़ित करते थे। धनेश्वर पांडेय ने बताया कि वह होली के दिन उसके घर पहुंचे थे तो वह ठीक थी। उसी दिन देर रात सूचना मिली कि प्रीति की मौत हो गई। भाई ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि पति और ससुर की प्रताड़ना से आहत होकर उसने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने भाई के तहरीर पर पति और ससुर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है। इस संबंध में सीओ उमेश चंद्र भट्ट ने बताया कि विवाहिता के मौत के मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।