रामकोला सीएचसी पर तैनात स्टाफ नर्स करिश्मा का रूपया लेते वीडियो वायरल होने के बाद मुकदमा दर्ज।स
रामकोला सीएचसी प्रभारी की तरफ से दर्ज हुआ स्टाफ नर्स के खिलाफ केस
प्रसव के दौरान महिला से पैसा लेने का वीडियो वायरल होने पर डीएम ने कराई थी एसडीएम से जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
रामकोला। कस्बा स्थित सीएचसी में बीते छह मई को एक महिला से डिलीवरी के दौरान तैनात रहे संविदा स्टाफ नर्स ने दो हजार रुपये लेकर प्रसव कराया था। किसी ने रुपये लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। डीएम ने इसका संज्ञान लेते हुए कप्तानगंज एसडीएम को मामले की जांच सौंपी है। इस मामले में पीड़ित महिला से लिए गए वीडियो को देखने के बाद सीएमओ के आदेश पर प्रभारी चिकित्साधिकारी रामकोला ने आरोपी स्टाफ नर्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
रामकोला पुलिस को दी गई तहरीर में रामकोला चिकित्सा प्रभारी डॉ. शेषनाथ विश्वकर्मा ने कहा है कि बीते छह मई को मोरवन छोटकी टोला निवासी शांति देवी अपनी नतिनी का प्रसव कराने रामकोला सीएचसी पहुंची थीं। वहां ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स करिश्मा ने दो हजार रुपये की मांग की और रुपये लेने के बाद महिला का प्रसव कराया। रुपये लेते समय किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वायरल वीडियो का डीएम रमेश रंजन ने संज्ञान लेकर कप्तानगंज एसडीएम से जांच कराई। पीड़ित की तरफ से उपलब्ध कराई गई वीडियो और शिकायत के आधार पर सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया के आदेश पर आरोपी करिश्मा के खिलाफ सीएचसी प्रभारी ने मुकदमा दर्ज पर कार्रवाई कराया है।
इस संबंध में रामकोला एसओ अखिलेश कुमार सिंह ने कहा कि प्रभारी चिकित्साधिकारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।