विवाहिता की मौत मामले में पति व देवर पर मुकदमा
पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
फाजिलनगर। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के गडहिया में रविवार को हुई विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने उनकी मां के तहरीर पर पति और देवर खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी पति गिरफ्तार कर लिया गया है।
विशुनपुरा थाना क्षेत्र के पडरौन निवासी मृतक की मां मनोरमा ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में कहा है कि उन्होंने अपनी बेटी ललिता की शादी दो साल पूर्व क्षमता के अनुसार दहेज देकर तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के गडहिया निवासी रामाधार सिंह के लड़के राणाप्रताप सिंह की। शादी के कुछ दिन बाद से ही 50,000 रुपये और बाइक की मांग को लेकर उसकी बेटी को पति राणाप्रताप सिंह व देवर राजा सिंह प्रताड़ित करने लगे। रविवार को शाम फोन से सूचना मिली कि बेटी की मृत्यु हो गई है। इसकी जानकारी थाने को देते हुए वह लोग जब अपने बेटी के ससुराल पहुंचे तो वहां घर पर ताला लगा हुआ था। इस संबंध में तुर्कपट्टी के थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के मां के तहरीर पर पति और देवर के खिलाफ दहेज हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।