छेड़खानी का विरोध करने पर प्रधान पक्ष के लोग हुए हमलावर
घायल युवक का जिला अस्पताल में चल रहा इलाज, आरोपी फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। मोहर्रम मेले में छेड़खानी के विरोध पर युवक की पिटाई करने वाले प्रधान समेत छह पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। कार्रवाई के बाद आरोपी घर छोड़कर फरार हैं। सिर में गंभीर चोट होने के कारण युवक जिला अस्पताल में भर्ती है। दो समुदायों का मामला होने के कारण गांव में तनाव है। पुलिस की गांव पर नजर है।
पटहेरवा थाना क्षेत्र के करमैनी गांव में मोहर्रम के मेले में एक समुदाय के कुछ युवकों ने दूसरे समुदाय की युवती से छेड़खानी की। वहां मौजूद सूरज सिंह ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया।
रविवार की रात गांव के चौराहे पर सूरज सिंह सामान खरीदने गया था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के युवक गांव के प्रधान के साथ पहुंचे और युवक की हॉकी और रॉड से पिटाई कर लहूलुहान कर दिया। मारपीट के बाद गांव के दोनों समुदायों के बीच तनाव बढ़ गया। विवाद की सूचना पर गांव में पुलिस पहुंच गई। इसके बाद माहौल शांत हुआ। घायल युवक को लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने आए साहुल सिंह को भी मनबढ़ों ने मारपीट कर घायल कर दिया।
गांव में अब भी तनाव है। पुलिस गश्त कर रही है और गतिविधियों पर नजर रख रही है। हालांकि, विवाद करने वाले आरोपी गांव छोड़कर फरार हैं। पुलिस इस मामले में सूरज की तहरीर पर गांव के प्रधान जुल्फिकार, शक्तिमान, शाहिद, इकबाल, पप्पू, जुमराती समेत छह अज्ञात लोगों पर कुछ अज्ञात लोगों पर प्राणघातक हमला, मारपीट समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
लोगों का आरोप है कि अगर मेले के दिन हुए विवाद में पुलिस कार्रवाई की होती तो गोलबंद लोगों ने विवाद नहीं किया होता। इंस्पेक्टर अनिल उपाध्याय ने बताया मोहर्रम के मेले में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों ने युवक की पिटाई की है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है।