संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। पटहेरवा थाना क्षेत्र के गांव कुचिया मठिया निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने पड़ोस की दो महिलाओं समेत चार लोगों पर जमीन विवाद को लेकर घर में घुसकर मारपीट करने और घर का सामान तोड़फोड़ करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो महिलाओं समेत चार लोगों पर केस दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है।
इस गांव के निवासी इसराइल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि तहसीलदार के निर्देश पर लेखपाल, कानूनगो और पुलिस की मौजूदगी में उनकी जमीन की पैमाइश कर निशान लगा दिया। पैमाइश में उनकी जमीन नियामतुल्लाह और नूरतारा के कब्जे में निकली। इस पर दोनों लोगों ने आपत्ति करते हुए पैमाइश को नहीं मानने की बात कही। वह न्यायालय में वाद दाखिल कर मामले का निस्तारण कराने की मांग कर रहे थे। इस पर राजस्व टीम व पुलिस ने कोर्ट की तरफ से फैसला होने तक दोनों पक्ष को विवादित भूमि पर कोई कार्य नहीं करने के निर्देश दिए।
इससे नाराज आरोपी बीते 11 जून की शाम करीब छह बजे अपशब्द बोलते हुए घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने लगे। इस संबंध में पटहेरवा एसओ अनिल उपाध्याय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।