हाटा। क्षेत्र के बाघनाथ मोहल्ले में नाली पर स्लैब रखने के विवाद में हुई अधेड़ की हत्या के मामले में तीन लोगों पर गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है। इसमें दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एक की तलाश जारी है। बाघनाथ निवासी 52 वर्षीय कमलेश प्रसाद की रविवार की देर शाम हत्या कर दी गई थी। कमलेश के पुत्र कन्हैया प्रसाद की तहरीर पर पुलिस ने आनन्द प्रकाश, ज्वाला व गुलाइची देवी निवासी वार्ड संख्या एक बाघनाथ, नगरपालिका हाटा के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान कहीं से सूचना मिली कि बाघनाथ नहर के पास दो आरोपी कहीं जाने के लिए खड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। इस संबंध में कोतवाल राम सहाय चौहान ने बताया कि सोमवार को दोपहर बाघनाथ नहर के पास से आरोपी आनंद प्रकाश व ज्वाला को पुलिस ने गिरफ्तार कर उन्हें जेल भेज दिया। दूसरी ओर मोहल्ले के लोगों का कहना है कि मामूली विवाद में दो परिवार तबाह हो गए। रविवार की देर शाम को कमलेश प्रसाद और ज्वाला प्रसाद के परिवार के बीच में स्लैब रखने को लेकर के विवाद हो गया था। विवाद इतना बड़ा की दोनों पक्ष मारपीट पर आमादा हो गए। इस घटना में कमलेश प्रसाद की मौत हो गई। कमलेश प्रसाद की पत्नी शीला देवी सोमवार को अपने घर पर रो रही थीं। आसपास की तमाम महिलाएं उन्हें ढाढस बढ़ा रही थीं। वहां मौजूद महिलाएं कह रही थी कि दोनों परिवारों ने अगर धौर्य का परिचय दिया होता तो आज दोनों परिवार बर्बाद होने से बच गए होते। एक परिवार में अपने एक सदस्य को खो दिया। वहीं दूसरे परिवार के लोग हत्या के आरोप में सोमवार को जेल भेज दिए गए।