पडरौना। पडरौना शहर के ओंकार वाटिका कॉलोनी में निर्माणाधीन मकान से गिरकर मजदूर की मौत के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर कपड़ा व्यवसायी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
शनिवार की सुबह पडरौना नगर के ओंकार वाटिका कॉलोनी में कपड़ा व्यवसायी सुभाष अग्रवाल के निर्माणाधीन मकान पर काम करने के दौरान गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई थी। आनन-फानन में कपड़ा व्यवसायी और उनके पुत्र ने घायल मजदूर को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने मजदूर को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद कारोबारी और उनके पुत्र दोनों वहां से भाग निकले।
पहले तो पिता-पुत्र इस घटना से इन्कार करते रहे और मदद के नाम पर मजदूर को मेडिकल कॉलेज पहुंचने का दावा करते रहे। लेकिन, बाद में कॉलोनी वासियों के बताने के बाद कारोबारी और उनके पुत्र दोनों संदिग्ध हो गए। देर शाम तक कोतवाली पुलिस ने मजदूर की पहचान करने की कोशिश की, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। रविवार को इस मामले में कोतवाली पुलिस ने मृतक मजदूर के शव की पहचान कर ली।
पुलिस ने मृतक की पहचान रमाशंकर चौरसिया (50) निवासी सेमरा हरदोई के रूप में किया। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने मृतक के पत्नी की तहरीर पर कपड़ा व्यवसायी सुभाष अग्रवाल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के मामले में केस दर्ज किया है। इस संबंध में कोतवाल आशुतोष सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर कपड़ा व्यवसायी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। इस मामले में पुलिस जांच कर रही है।