खड्डा। स्थानीय थाना क्षेत्र के सिसवा गोली निवासी विजय पासवान ने पुलिस को तहरीर देकर अपने ही पटीदारों पर मेड़ काटकर खेत में मिला लेने और विरोध करने पर मारपीट कर घायल कर देने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया है। विजय पासवान ने तहरीर में बताया है कि पुरानी रंजिश को लेकर उनके पटीदारों ने खेत का मेड़ काट दिया। जब उन्होंने इसको लेकर विरोध किया तो पटीदारों ने मारपीट कर घायल कर दिया।
चार अभियुक्तों पर हुई गैंगस्टर की कार्रवाई
तरयासुजान। पुलिस ने गोतस्करी के मामले में लिप्त चार आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की है। पुलिस उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई में जुटी है। एसओ आशुतोष सिंह ने बताया कि पुलिस प्रदेश में गिरोह बंद समाज विरोधी क्रियाकलाप में संलिप्त होने पर अमीर (26) निवासी ढकिया चमन थाना डिडौली जनपद अमरोहा और उसके साथी रिजवान (29) निवासी टांडा थाना टांडा जिला रामपुर, शाजिद अली (36) निवासी गोधी थाना भोजपुर जिला मुरादाबाद व शाने आलम (32) निवासी हिलाली सराय थाना नखासा जिला संभल के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के दौरान एसओ के अलावा कांस्टेबल अवनीश सिंह, कांस्टेबल श्रीकृष्ण मौर्य, चालक रजा अहमद आदि शामिल रहे। संवाद
रिश्तेदारी में गए थे घर वाले, ताला तोड़कर चोरी
खड्डा। सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया। परिवार के सभी सदस्य नेपाल अपने रिश्तेदार के घर किसी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देख पड़ोसियों ने उन्हें सूचना दी। घर वाले पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। खड्डा थाना क्षेत्र के ग्राम लिलाधर छपरा निवासी नंदकिशोर जायसवाल अपने परिवार के सदस्यों के साथ नेपाल रिश्तेदार के घर गए थे। घर में ताला बंद था और परिवार के सदस्य नेपाल में ही रूके थे। मकान के दरवाजे का ताला टूट देख पड़ोसियों ने इसकी जानकारी नंदकिशोर जायसवाल को दी। घर में चोरी की सूचना पर शनिवार को घर परिवार के सदस्य लौटे तो मकान के अंदर रखा जेवर और कीमती सामान गायब था। आलमारी बाक्स का ताला टूटा था। जरूरी कागजात, बाइक, बैटरी चोरी हो गई थी। सीओ उमेश चंद भट्ट ने बताया कि केस दर्ज कर मामले में शामिल लोगों का पता लगाया जा रहा है।
तीन महिलाओं समेत चार पर मारपीट का केस
खड्डा। थाना क्षेत्र के ग्राम करदह के तिवारी टोला निवासी मुकेश गौतम ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि पुरानी रंजिश में उसके बेटे नीरज को शनिवार की शाम गांव के ही सन्नी, मैना, सीमा व शिखा ने घेर लिया और लाठी-डंडा, लोहे के राड से पीटकर बुरी तरह घायल कर दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया है।
90 लीटर कच्ची शराब के साथ दो महिलाएं गिरफ्तार
कुबेरस्थान। पुलिस ने रविवार को क्षेत्र के जंगल पिपरासी गांव के पास 90 लीटर कच्ची शराब के साथ दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। एसओ अजय कुमार मौर्या ने बताया कि थाना क्षेत्र जंगल पिपरासी गांव के पास 90 लीटर कच्ची शराब बरामद कर शराब बनाने के धंधे में लिप्त दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई में जुटी है। संवाद