रामकोला। कस्बा में कसया रोड पर बलुआ चौराहे के समीप शनिवार को दो ट्रकों के बीच में चल रही कार में आगे-पीछे से टक्कर हो गई। कार चालक बीच में ही फंस गया। घटना देख लोग मौके पर पहुंचे और चालक को बाहर निकाला। ट्रक चालक को अगल-बगल के लोगों ने घेर लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
रामकोला कस्बा से गुलशन पटेल कार से उरदहा अपने घर जा रहे थे। आगे एक ट्रक चल रहा था, जो तेज गति में था। जबकि पीछे गुलशन पटेल की कार थी और पीछे से भी एक ट्रक आ रहा था। आगे वाले ट्रक ने ब्रेक लगाया तो बीच में रहे कार चालक ने भी ब्रेक लगा दी। इससे पीछे वाले ट्रक ने कार में टक्कर मार दी और कार आगे वाले ट्रक में जाकर फंस गई। चालक कार समेत बीच में ही फंस गया। कार का अगला व पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे चालक को बाहर निकाला गया। एक ट्रक के चालक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इसके अलावा बस स्टैंड के पास रोडवेज बस की टक्कर से ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया और लोग बाल-बाल बच गए।