नेबुआ नौरंगिया। क्षेत्र के पांच दशक पुराने बिजली उपकेंद्र कोटवा की क्षमता बढ़ा दी गई है। सांसद व विधायक के प्रयास से 54 वर्ष बाद उपकेंद्र की क्षमता वृद्धि होने से उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली है।
वर्ष 1971 में रामपुर कोटवा के नाम से 33 केवीए बिजली उपकेंद्र का निर्माण किया गया था। इस उपकेंद्र से ब्लाक, सामुदायिक केंद्र के साथ खड्डा ब्लाक के तीस और नौरंगिया के पचास समेत 120 गांवोंं को बिजली सप्लाई दी जाती है। बीस हजार क्षमता वाले इस उपकेंद्र पर 40 हजार उपभोक्ताओं का लोड हो जाने से लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या से लोगों को जूझना पड़ता था। दस एमवीए और पांच एमवीए के ट्रांसफार्मरों के भरोसे दो लाख की आबादी को खजुरी, कोटवा, बलकुड़िया, मठिया, नेबुआ, सरपतही और कुर्मी पट्टी कुल सात फीडरों से सप्लाई होती है। बृहस्पतिवार को बिजली उपकेंद्र पर उपकरण पहुंचा और टेक्नीशियन टीम की मदद से सोमवार को पावर परिवर्तक लगाया गया। सोमवार को दोपहर बाद पूजा अर्चन कर उपकेंद्र की सप्लाई चालू की गई। सभी फीडरों की एक साथ सप्लाई चल रही है।
एक सौ बीस गांवों के लगभग 40 हजार उपभोक्ताओं को बिजली सप्लाई देने में काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा था। अब दो 10 एमवीए और दो 5 एमवीए के पाॅवर परिवर्तक लग जाने से ओवरलोड की समस्या का समाधान हो गया है। एक साथ सभी फीडरों से सप्लाई मिलने से उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। -रूपेश कुशवाहा, एसडीओ विद्युत उपकेंद्र कोटवा।