कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक करते डीएम एस. राजलिंगम।
- फोटो : KUSHINAGAR
लापरवाह ठेकेदारों के हैसियत प्रमाण पत्र निरस्त करें : डीएम
पडरौना। 50 लाख रुपये से अधिक लागत के कार्यों की डीएम ने मंगलवार को समीक्षा की। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में डीएम ने जिन ठेकेदारों के कार्य की प्रगति धीमी है या संतोषजनक नहीं है, उनका हैसियत प्रमाण पत्र निरस्त करने के निर्देश दिए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम एस. राजलिंगम ने राजकीय मेडिकल कॉलेज के निर्माण की प्रगति संतोषजनक न होने पर संबंधित कंपनी पीएसपी प्रोजेक्ट के प्रतिनिधि को कार्य में तीव्रता लाने के निर्देश दिए। जिला शिक्षा व प्रशिक्षण संस्थान के निर्माण की प्रगति के बारे में यूपीपीसीएल के प्रतिनिधि ने बताया कि ऑडिटोरियम भवन के फिनिशिंग का कार्य प्रगति पर है। कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
इस पर डीएम ने सभी लंबित पड़े निर्माण कार्यों को समयावधि के अंदर पूरा कर लिए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि ठेकेदार के स्तर से कार्य की प्रगति धीमी है या कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं है तो उसके हैसियत प्रमाणपत्र को निरस्त किया जाए। निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए।
इस बैठक में सीडीओ गुंजन द्विवेदी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मोहम्मद नासेह, श्रवण कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया व सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।