पडरौना। शहर के उदित नारायण इंटर कॉलेज में 50वीं यूपी बटालियन की तरफ से आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को समापन हुआ। इस मौके पर एनसीसी कैडेटों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस कार्यक्रम में शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को पुरस्कृत किया गया। मुख्य अतिथि पडरौना चेयरमैन विनय जायसवाल ने कहा कि एनसीसी अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की पहचान है। शिविर में कैडेटों को जो जानकारी मिली है उसे अपने जीवन में उतारकर समाज और देश की सेवा में लगानी चाहिए। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू हुआ। जिसमें अरुण, प्रीति सिंह, निर्जला, रविप्रताप, आंचल, सत्यम गोंड, प्रतीक चौरसिया, खुशबू आदि कैडेट्स ने नुक्कड़ नाटक, देश भक्ति गीत, लोकनृत्य की प्रस्तुति किया। अंत में कैंप कमांडेंट कर्नल हरीश चंद ने वार्षिक शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स और एनओ को मेडल और प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया। इस दौरान लेफ्टिनेंट नरेंद्र त्रिपाठी, लेफ्टिनेंट राजीव यादव, लेफ्टिनेंट नंदलाल पाल, सेकेंड ऑफिसर मनोज कुमार, थर्ड ऑफिसर केएन मिश्र मौजूद रहे।