- बैंक कर्मियों की हड़ताल से जिले के बड़ौदा यूपी बैंक की सभी 76 शाखा के बंद रहे ताले
पडरौना। बड़ौदा यूपी बैंक के कर्मचारी मंगलवार को हड़ताल पर रहे। नगर के कुबेरस्थान मार्ग स्थित क्षेत्रीय कार्यालय के गेट पर बैंक कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन कर मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की। बैंक कर्मियों की हड़ताल के चलते इस दिन जिले के सभी 76 बैंक शाखा में ताला बंद रहा। इन बैंक शाखाओं में लेने देने नहीं होने से करीब 18 करोड़ का व्यवसाय ठप रहा।
ज्वाइंट फोरम के संयोजक विवेक प्रकाश ने बताया कि मित्रा कमेटी आधारित मानव श्रम नीति के अनुसार कार्यालय परिचारक से लेकर अधिकारी स्केल पांच तक के सभी पदों पर नयी भर्ती व पदोन्नति नहीं हो रही है। बैंक की शाखाओं के विलय या बन्दी से कर्मचारियों का हित सुरक्षित नहीं है। इसे तत्काल प्रभाव से रोकते हुए रिजर्व बैंक की तरफ से जारी गाइड लाइन के अनुसार कार्रवाई की जाएग। उन्होंने कहा कि नाबार्ड की तरफ से 24 फरवरी 2015 को जारी मानव श्रम नीति के पैरा 4.8 के अनुसार बैंक में स्केल पांच तक के सभी पदों पर इसी बैंक अधिकारियों को नियुक्त किया जाय। इस दौरान राजेश गुप्ता, रामनिवास सिंह, गौरव जायसवाल, राजेश जायसवाल, नवनीत मिश्रा, अविनाश चौधरी, अनुराग शाह, एनएन. त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।