पडरौना। शहर के कोतवाली के बगल में कसेरा टोली मोड़ पर मामूली विवाद में कुछ युवकों ने दुकानदार की पिटाई कर दी। कोतवाली से महज 20 मीटर की दूरी पर वारदात की जानकारी होने के बाद हरकत में आई पुलिस मौके पर पहुंची और ठेले पर दुकान चलाने वाले दुकानदार को हिरासत में ले लिया।
बाराबंकी जिले का युवक कई वर्ष से पडरौना शहर के कसेरा टोली मोड़ पर ठेले पर बर्गर बेचता है। उसकी दुकान पर कई अन्य लोग भी काम करते हैं। सोमवार की शाम को दुकान पर पहुंचे कुछ युवकों ने बर्गर की मांग की। इसी दौरान किसी बात को लेकर युवकों और दुकानदार में विवाद होने लगा। कुछ लोग वहां पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे। इसी बीच युवकों ने दुकानदार की पिटाई कर दी। इस संबंध में इंस्पेक्टर आशुतोष सिंह ने बताया कि मामले में दुकानदार को हिरासत में लिया गया है। मारपीट करने वाले युवक फरार हैं। अभी किसी तरफ से तहरीर नहीं मिली है। अगर तहरीर मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।