पकवा इनार। म्यांमार में आए विनाशकारी भूकंप से पीड़ितों की मदद के लिए म्यांमार बुद्ध विहार समेत बौद्ध भिक्षु आगे आए हैं। भूकंप से प्रभावित पीड़ितों को राहत देने के लिए धन एकत्र हो रहा है। एकत्रित धनराशि को दूतावास के माध्यम से म्यांमार को भिजवाने की बात सामने आई है। 28 मार्च को म्यांमार और थाईलैंड में विनाशकारी भूकंप आया था। इस विनाशकारी भूकंप से हजारों की संख्या में लोग हताहत हुए हैं। कुशीनगर स्थित म्यांमार बुद्ध विहार व कुशीनगर भिक्षु संघ अध्यक्ष एबी ज्ञानेश्वर ने भी भूकंप पीड़ितों की मदद व सहयोग के लिए कार्य में जुटे हुए हैं। बुधवार को उन्होंने बताया कि भूंकप आने के बाद 30 मार्च को बस्ती में बुद्धिस्ट समुदाय बैठक कर मृतकों की आत्मा की शांति के लिए विशेष पूजा-अर्चना करने व घायल पीड़ितों की मदद के लिए आगे आने का प्रस्ताव रखा गया था। इसके मद्देनजर 31 मार्च को मुख्य महापरिनिर्वाण मंदिर में म्यांमार समेत थाई, श्रीलंका, लिन्हसन मंदिर समेत सभी मोनास्ट्री के बौद्ध भिक्षुओं ने विशेष पूजा-अर्चना किया था। एक अप्रैल से भूकंप पीड़ितों की आर्थिक मदद के लिए धन भी एकत्रित करने का काम शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि एकत्रित धनराशि को पांच अप्रैल को दिल्ली में म्यांमार दूतावास के माध्यम से भूकंप पीड़ितों को भिजवाया जाएगा।