मंझरिया देवी स्थल पर चल रहा निर्माण कार्य। संवाद
कुशीनगर। जिले में पर्यटन विभाग भगवान बुद्ध से जुड़े स्थलों के साथ-साथ अन्य धार्मिक, ऐतिहासिक व प्राचीन स्थलों को विकसित करने का काम कर रहा है। करोड़ों की लागत से जिले भर में कई पर्यटन विकास की परियोजनाएं चल रही हैं। कुछ निर्माण कार्य पूरा कराकर हस्तांतरण किया जा चुका है। वहीं कई निर्माण कार्यों को शुरू कराने की तैयारी तेज हो गई है। इन पर्यटन विकास की परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से पर्यटन को बढ़ावा और पर्यटकों को अधिक सुविधाएं मुहैया होंगी। कुशीनगर भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली के रूप में विश्व में ख्याति प्राप्त है। यहां प्रत्येक वर्ष लाखों की तादात में देश-विदेश के पर्यटक, बौद्ध भिक्षु, उपासक व सैलानी आते हैं। इनकी आवक बढ़ाने व पर्यटकों को पहले से अधिक बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने के लिए पर्यटन विभाग विकास कार्य करा रहा है। इन सभी निर्माण कार्यों के पूरा होने के बाद आने वाले समय में कुशीनगर की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी। जिससे पर्यटन विकास को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, जिससे युवाओं को रोजगार मिलेगा। सितंबर माह से कुशीनगर में पर्यटन सीजन की शुरुआत है। ऐसे में जिन परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। पर्यटन विभाग उनके हस्तानांतरण की प्रक्रिया की शुरू कर दी है।