कुशीनगर जिले के तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के एक गांव में युवक की पीटकर हत्या कर दी गई। घटना रविवार की देर रात हुई। युवक, युवती से मिलने उसके घर पहुंचा था। युवती के परिजनों ने उसे पकड़कर पहले पिटाई की। इसके बाद चाकू से हमला करके उसकी जान ले ली। घटना की सूचना पर एसपी धवल जायसवाल मौके पर पहुंचे। युवती सहित पांच लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के रहसूमाली पट्टी निवासी चंद्रशेखर के इकलौते बेटे विकास(25) का प्रेम संबंध तुर्कपट्टी क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती संग चल रहा था। रविवार की देर रात युवक अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा। 11 बजे के बाद परिजनों को सूचना मिली कि विकास की हत्या कर दी गई है। उसके बदन पर चोटों के निशान हैं।
पिता चंद्रशेखर अपने गांव के प्रधान संग मौके पर पहुंचे। गांव के बाहर एक व्यक्ति के मकान से करीब सौ मीटर की दूरी विकास का शव पड़ा हुआ था। इसकी सूचना पिता ने पुलिस को दी। बेहरमी से युवक को पीटकर करके उसके बदन में चाकू घोंपा गया था।
इसे भी पढ़ें: सामाजिक समरसता का संदेश देगा विजय दशमी का जुलूस, सीसीटीवी से रखी जाएगी नजर
घटना की जानकारी पाकर एसपी, एएसपी, एसएचओ सहित भारी पुलिस संग पहुंचे। पिता ने पुलिस को बताया कि रात में नौ बजे उनके बेटे के मोबाइल पर युवती का फोन आया। इसके बाद वह अपनी बाइक लेकर उससे मिलने चला गया। युवती से उसका प्रेम संबंध काफी दिनों से चल रहा था। युवती कई बार उनके घर पर आकर रहने की जिद कर चुकी है। युवक के पिता ने युवती, उसके परिजनों के खिलाफ बेटे की हत्या की तहरीर दी है।
इस संबंध में एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी। पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।