ट्रक से बोलेरो की टक्कर, सात लोग घायल
कप्तानगंज (कुशीनगर)। थाना क्षेत्र के डाढ़ी टोला गांव के सामने एक अनियंत्रित बोलेरो, ट्रक से टकरा गया। इससे बोलेरो में सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें कप्तानगंज सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से चार लोगों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अन्य को इलाज के बाद घर भेज दिया गया।
रविवार की शाम लगभग चार बजे देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के शिवधर गांव निवासी शिवकुमार (45) अपनी पत्नी सुनैना (42), पुत्र अनुज कुमार (5), पुत्री संजना (18), व रितेश (12), चाचा प्रदीप कुमार (35), चाची अश्वनी देवी (32) के साथ अपनी ससुराल महराजगंज जनपद के निचलौल जा रहे थे। अभी कप्तानगंज कस्बे के डाढ़ी टोला के सामने पहुंचे थे कि बोलेरो में बैठे बच्चे को उल्टी होने लगी।
इसी दौरान स्वयं गाड़ी चला रहे शिवकुमार जैसे ही पीछे देखने के लिए मुड़े, गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़े ट्रक में जाकर भिड़ गई। इससे बोलेरो में सवार सभी लोग घायल हो गए। पुलिस व स्थानीय लोगों के सहयोग से इन सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद अनुज, संजना, रितेश, शिवकुमार की हालत नाजुक देख मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।