-कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के हरैया बुजुर्ग का रहने वाला था किशोर, सोमवार को दर्ज हुआ था अपहरण का केस
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। रविंद्रनगर धूस थाना क्षेत्र के गोपालपुर मोतीललहा के समीप मंगलवार को नाले में 12 वर्षीय बालक का शव मिला। गांव वालों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव की शिनाख्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशोर की पहचान कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के हरैया बुजुर्ग निवासी के रूप में हुई है। 10 जून को किशोर के परिजनों ने कुबेरस्थान थाने में अपहरण का केस दर्ज कराया था।
रविंद्रनगर धूस थाना क्षेत्र के मोतीललहा गांव के समीप एक सूखे नाले में सोमवार की सुबह करीब 9:30 बजे गांववालों ने शव देखा। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव की शिनाख्त कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के हरैया बुजुर्ग गांव निवासी बिठुल यादव के 12 वर्षीय पुत्र पवन यादव के रूप में की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शव तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। किसी जानवर ने शव को नोच दिया था। एएसपी रितेश कुमार सिंह ने बताया गांववालों की सूचना पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव की शिनाख्त 12 वर्षीय पवन यादव पुत्र बिठुल यादव निवासी हरैया बुजुर्ग के रूप में की गई। इस मामले में परिजनों ने सोमवार को कुबेरस्थान थाने में तहरीर देकर अपहरण की आशंका जताई थी। तहरीर के आधार पर अपहरण का केस दर्ज कर पुलिस किशोर की तलाश में जुटी थी। अब शव मिलने के बाद पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।