संतकबीरनगर। निकाय चुनाव के मद्देनजर शांति और सुरक्षा व्यवस्था को जांचने के लिए डीएम संदीप कुमार और एसपी सत्यजीत गुप्ता ने सोमवार को धनघटा क्षेत्र में पैदल मार्च किया।
इस दौरान डीएम ने बताया कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन प्रतिबद्घ है। उन्होंने लोगों से आदर्श आचार संहिता के पालन की अपील की। पैदल मार्च करने के दौरान दोनों अधिकारियों ने जगह-जगह रुककर आम जनता से बातचीत की और भयमुक्त वातावरण में मतदान करने के लिए प्रेरित किया।
डीएम ने कहा कि चुनाव में गड़बड़ी पैदा करने वाले और शांति व्यवस्था खराब करने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उपजिलाधिकारी धनघटा, क्षेत्राधिकारी धनघटा, प्रभारी निरीक्षक धनघटा के साथ ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे ।