पडरौना। बिहार के बेतिया जिले के बैरिया प्रखंड के श्रीनगर गांव के पास सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे गंडक नदी में नाव डूब गई। नाव में 20-25 लोग सवार थे। तीन महिला शिक्षक नदी के बहाव में करीब आधा किलोमीटर दूर तक चली गईं। उन्हें गोताखोर और आसपास खेत में काम कर रहे मजदूरों ने बाहर निकाला। शेष शिक्षक तैरकर नदी से बाहर निकल गए थे।
जानकारी के मुताबिक, श्रीनगर पंचायत के विभिन्न स्कूलों में तैनात शिक्षक नाव से गंडक नदी पार कर रहे थे। नदी के बीच नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। नाव में सवार सभी लोग डूबने लगे। कुछ लोग तैर कर बाहर निकल गए, लेकिन तीन महिला शिक्षक आधा किमी दूर तक बहकर चल गईं। सूचना पर पहुंचे गोताखोरों ने खेत में काम कर रहे मजदूरों की मदद से किसी तरह उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। नाव में सवार शिक्षक संतोष चौधरी, मुन्ना कुमार यादव, अजय चौरसिया, जहीर अहमद, आजम अली, संदीप कुमार, रेखा गुप्ता, आभा गुप्ता, उपेंद्र कुमार गोपालजी, अर्चना कुमारी आदि ने बताया कि वे बेतिया में रहकर श्रीनगर गांव और उसके आसपास के सरकारी विद्यालयों में तैनात हैं। वे रोज की तरह सोमवार को भी स्कूल जा रहे थे।