पडरौना। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा को नकल विहीन और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। परीक्षा सामग्री के वितरण और सुरक्षा की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। उत्तर पुस्तिकाएं उदित नारायण इंटर कॉलेज से परीक्षा केंद्रों को भेजी जाएंगी जबकि प्रश्नपत्र राजकीय इंटर कॉलेज पडरौना में सुरक्षित रखे जाएंगे। यहां सीसीटीवी कैमरों से निगरानी के साथ 24 घंटे पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। डीआईओएस श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण के लिए उदित नारायण इंटर कॉलेज पडरौना को केंद्र बनाया गया है। वहीं, प्रश्नपत्रों के वितरण की जिम्मेदारी राजकीय इंटर कॉलेज को सौंपी गई है। यहां प्रश्नपत्रों के सुरक्षित रख-रखाव के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रश्नपत्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से होगी। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की चौबीसों घंटे तैनाती रहेगी। परीक्षा सामग्री को निर्धारित समय पर केंद्रों तक पहुंचाने की भी तैयारी की जा रही है।