फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: जिले में 30 जगह हैं ब्लैक स्पॉट, यहां से गुजरें तो बरतें सावधानी

Sun, 20 Aug 2023 12:20 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
ऐसे भी दुर्घटना बाहुल्य स्थल हैं, जहां ब्लैकस्पॉट घोषित न होते हुए भी हो चुके हैं कई बड़े हादसे
विज्ञापन

जनवरी से जुलाई तक जिले में हो चुकी हैं 471 दुर्घटनाएं, 256 की हुई मौत, 285 हुए घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
कुशीनगर। यूं तो जिले में आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। जिन स्थानों पर ज्यादा हादसे होते हैं, उन्हें ब्लैक स्पॉट घोषित कर दिया गया है। जिले में ऐसे 30 स्थान हैं, जो राष्ट्रीय राजमार्ग-28, राष्ट्रीय राजमार्ग-28 बी, एनएच-727 और अन्य मार्गों पर हैं। वहां दुर्घटनाएं रोकने के लिए संकेतक, बोर्ड, रिफ्लेक्टर व अन्य उपाय किए गए हैं, ताकि वहां पहुंचते ही लोग सतर्क हो जाएं। लेकिन जिले में ऐसे भी दुर्घटना बाहुल्य स्थलों की कमी नहीं है, जहां ब्लैक स्पॉट घोषित न होते हुए भी बड़े हादसे हुए हैं और वहां ब्लैक स्पॉट घोषित कर सुरक्षात्मक उपाय किए जाने की जरूरत है। क्योंकि सिर्फ जनवरी से 31 जुलाई तक जिले में हुए सड़क हादसों पर नजर डालें तो 471 दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उनमें 256 लोगों की मौत हुई है, जबकि 285 घायल हुए हैं।

ये हैं ब्लैक स्पॉट, यहां पहुंचे तो चलें संभलकर...
एनएच-28 पर तरयासुजान थाना क्षेत्र में सलेमगढ़, पटहेरवा थाना क्षेत्र में लबनिया, महुअवा कांटा, पटहेरिया, फाजिलनगर बघौचमोड़, हाटा कोतवाली क्षेत्र में ढाढ़ा, सुकरौली बाजार, बाघनाथ चौराहा, छपरा भगत, तितिला कट और महुआरी चौराहा ब्लैक स्पॉट चिह्नित हैं। एनएच-28 पर ही कसया थाना क्षेत्र के भैसहां, प्रेमवलिया, गोपालगढ़, बरवा जंगल, तमकुहीराज थाना क्षेत्र में तहसील गेट से समउर रोड तमकुहीराज तक, लतवा बाजार और गाजीपुर, तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के मधुरिया, पिपरा रज्जब, जोकवा बाजार ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए गए हैं। इसके अलावा एनएच-28बी स्थित साखोपार, एनएच-730 स्थित कप्तानगंज क्षेत्र के इंदरपुर चौराहा से गणेश चौक तक, एनएच-730 पर विशुनपुरा थाना क्षेत्र के गोड़रिया बाजार, पडरौना कोतवाली क्षेत्र के मिश्रौली पुल से पगार मिश्रौली तक, एनएच-727 पर पडरौना के बावली चौक से खां खड्डा पेट्रोलपंप तक, रवींद्रनगर थाना क्षेत्र के जानकीनगर चौक से पेट्रोलपंप तक, अर्जुनहां एफसीआई गोदाम, नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र का नौरंगिया, एनएच-730 पर रामकोला थाना क्षेत्र का परोरहा, स्टेट हाइवे-111 पर मथौली बाजार के आस-पास और खड्डा थाना क्षेत्र का भुजौली दुर्घटना बाहुल्य होने के कारण ब्लैक स्पॉट चिह्नित किया गया है।
विज्ञापन


जनपद में ऐसे बढ़ रही हैं सड़क दुर्घटनाएं
वर्ष- दुर्घटनाओं की संख्या- मृतकों की संख्या- घायलों की संख्या
2018- 529- 306- 294
2019- 574- 343- 311
2020- 549- 341- 278
2021- 612- 378- 345
2022- 717- 412- 417
31 जुलाई तक तक- 471- 256- 285


इसलिए चिह्नित किए गए हैं ब्लॅक स्पॉट
हाटा के बाघनाथ चौराहे के पास काली मंदिर के पास बनी क्राॅसिंग पर 22 अप्रैल 2023 को कार की टक्कर से लक्ष्मीपुर धूस निवासी प्रकाश चंद्र सिंह की मौत हो गई थी। वह उस समय बाइक से सड़क पार कर रहे थे।
29 फरवरी 2023 को बाघनाथ चौराहे पर साइकिल से हाइवे पार कर रहे थरूआडीह निवासी पेशे से राज मिस्त्री मोती सिंह को एक ट्रक ने टक्कर मार दी थी, जिससे उनकी मौत हो गई।
14 जून 22 को बाघनाथ चौराहे के कट के पास खड़े ट्रक में बस की टक्कर होने की वजह से बिहार के रहने वाले चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 40 लोग घायल हो गए थे।
30 जून 2022 को बाघनाथ चौराहे पर ढाढ़ा की रहने वाली बृजवासी देवी की बाइक की ठोकर लगने से मौत हो गई थी। इसके अलावा हाटा नगर के केन यूनियन चौराहा, ढाढ़ा, सुकरौली, तितिला और जोल्हिनिया के पास हाइवे के कट पर भी अधिकांश दुर्घटनाएं होती हैं।
एनएच-28 स्थित भैसहां में भी ब्लॅक स्पॉट घोषित है। यहां 31 अगस्त 2022 को भैसहां हेतिमपुर नहर पर वाहन ओवरटेक करने के दौरान बाइक सवार वार्ड संख्या-6 बाबा साहेब आम्टेनगर (विशंभरपुर) निवासी बलवंत (35) और भरत कुशवाहा (34) की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल मधुबन प्रजापति (33) की इलाज के लिए गोरखपुर ले जाते कुसम्ही में मौत हो गई थी। तीनों युवक घनिष्ठ मित्र थे। छोटी गंडक नदी के रेगवनिया घाट पर एक साथ तीन चिताएं जलीं थीं।
राष्ट्रीय राजमार्ग 730 पर स्थित इंदरपुर से गणेश चौक तक ब्लैक स्पॉट की दूरी करीब एक किलोमीटर है। यहां प्रकार का संकेत नहीं लगाए जाने से अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। सोहनी निवासी अमित कुमार सिंह ने बताया कि 4 अगस्त को सोहनी के ही ओम प्रकाश चौबे घर जा रहे थे कि इसी बीच विपरीत दिशा से आ रहे एक बोलेरो ने जबरदस्त टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सोहनी के ही रहने वाले अमित विश्वकर्मा ने बताया कि फरवरी माह में दुर्गा चौक के समीप सड़क पर एक ट्रक ने सिसवा के रहने वाले 50 वर्षीय रहमत अली पुत्र फैजुल्ला को टक्कर मार दी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। गजरा निवासी विपिन पांडेय ने बताया कि सुम्हाखोर के रहने वाले सुरेश सिंह की यहां हादसे में मौत हो गई थी।


- माधोपुर बुजुर्ग निवासी सुविंद चौहान बताते हैं कि ब्लैक स्पाॅट के रूप में चिह्नित लतवा बाजार, गाजीपुर बैरियर और सलेमगढ़ चौराहे पर स्पष्ट संकेतक नहीं लगे हैं, जिससे वाहन चालकों को दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र की जानकारी मिल सके। इस वजह से भी दुर्घटनाएं हो जाती हैं।
मंझरिया निवासी जितेंद्र राय कहते हैं कि फोरलेन पर हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिम्मेदारों को जागरुकता अभियान चलाना चाहिए। मंझरिया को भी ब्लैक स्पाॅट के रूप में चिह्नित किया जाना चाहिए।
- गोड़इता श्रीराम निवासी रवि गोंड कहते हैं आएदिन दुर्घटनाएं हो रहीं है, लेकिन इनको कम करने के लिए जिम्मेदार प्रयास नहीं कर रहे हैं।

- माधोपुर बुजुर्ग निवासी ओमप्रकाश शर्मा बताते हैं कि हाइवे पर बने अवैध कट भी दुर्घटनाओं के लिए जिम्मेदार हैं। इन्हें स्थायी तौर से बंद कराया जाना चाहिए।

तमकुहीराज तहसील क्षेत्र में ब्लैक स्पॉट पर हुईं दुर्घटनाएं
12 अगस्त को तमकुहीराज थाना क्षेत्र के लतवा बाजार बड़ी नहर के पास बंदर को बचाने के प्रयास में बाइक सवार घायल हो गया।

8 अगस्त को तरयासुजान थाना क्षेत्र के हाइवे स्थित सलेमगढ़ पेट्रोल पंप के पास कार की ठोकर से साइकिल सवार युवक घायल हो गया।

6 अगस्त को तमकुहीराज थाना क्षेत्र के लतवा बाजार बड़ी नहर के पास दो बाइकों की टक्कर में एक युवक घायल हो गया।

3 अगस्त काे तमकुहीराज ओवरब्रिज पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 53 वर्षीय दिव्यांग की मौत हो गई।

15 जुलाई को तमकुहीराज थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए।

22 जून को तरयासुजान थाना क्षेत्र के सलेमगढ़ टोल प्लाजा के पास नोनिया पट्टी में बालू लदे ट्रक की चपेट में आने से एक की मौत हो गई।
2 जून को तमकुहीराज थाना क्षेत्र के गाजीपुर बैरियर के पास लक्जरी वाहन की चपेट में आने से किशोर की मौत हो गई।
15 मई को तमकुहीराज थाना क्षेत्र के तहसील गेट के समीप मैजिक वाहन की चपेट में आने से बाइकसवार की मौत हो गई।

19 अप्रैल को तरयासुजान थाना क्षेत्र के सलेमगढ़ स्थित बाइक एजेंसी के पास दुर्घटना में घायल की इलाज के दौरान 28 अप्रैल को मौत हो गई।
13 अप्रैल को तरयासुजान थाना क्षेत्र के सलेमगढ़ हाइवे चौराहे पर बाइक सवार को बचाने के प्रयास में कार सवार लोग चार घायल हो गए।
3 अप्रैल को तमकुहीराज थाना क्षेत्र के गाजीपुर बैरियर के पास पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। उनमें एक की इलाज के दौरान मौत हो गई।


पटहेरवा थाना क्षेत्र के काजीपुर, महुअवा, पटहेरिया, रजवटिया, लबनिया गांव के सामने हाईवे पर क्राॅसिंग बनाई गई हैं। कुछ क्राॅसिंग पर आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं के चलते ब्लैक स्पॉट घोषित किया गया है। इन जगहों पर दुर्घटनाएं होती हैं।
- अभी 10 जुलाई को ही तमकुहीराज की तरफ से आ रहा बालू लदा ट्रक अनियंत्रित होकर दुकान में जा घुसा, जिसकी चपेट में आकर पटहेरवा ग्रामसभा के हतवा निवासी आलिम 22 वर्ष की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि इसी गांव का 20 वर्षीय राजा गंभीर रूप से घायल हो गया।
- रजवटिया क्राॅसिंग पर 17 जुलाई को साइकिल से सड़क पार कर रहे बभनौली निवासी 60 वर्षीय रमाकांत सिंह को बाइकसवार सेवरही निवासी राजा जायसवाल ने टक्कर मार दी थी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पटहेरवा ओवरब्रिज से सटे यादव टोली के पास सुबह निकले 60 वर्षीय रामनरेश गुप्ता को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। इससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई थी।


परिचर्चा-
आए दिन हाईवे पर होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर पटहेरवा ग्रामसभा निवासी हिमांशु श्रीवास्तव का कहना है कि क्राॅसिंग सहित अन्य जगहों पर हाईवे पर काफी दुर्घटनाएं होती हैं। इन जगहों पर ओवरब्रिज बनाए जाने के साथ ही सड़क सुरक्षा के अन्य संकेतकों को लगाया जाना चाहिए।

- रजवटिया गांव के निवासी विजय सिंह का कहना था कि हाईवे पर आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। कुछ जगह ब्लैक सपाट घोषित हैं, जबकि कुछ जगह नहीं। आम लोगों व वाहन चालकों के लिए संकेतक लगाए जाने चाहिए।



गोपालगढ़ में एक किलोमीटर के अंदर छह लोगों की हादसे में हुई मौत
कसया नगर से होकर गुजर रहे नेशनल हाइवे पर गोपालगढ़ गांव के पास आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ब्लैक स्पाॅट व अवैध कट होने के वजह से हमेशा दुर्घटनाएं होती हैं, लेकिन लोग दुर्घटनाओं से लोग सबक नहीं ले रहे हैं। लगभग एक किमी के अंदर छह लोगों की जानें गई हैं। 18 जुलाई को गोपालगढ़ निवासी श्रीकांत की नेशनल हाईवे पर मार्ग दुर्घटना में मौत हो गई थी। उस गांव के ही काशी कुशवाहा, नंदलाल प्रसाद, अर्जुन सिंह, गेनी प्रसाद, शक्ति सिंह आदि की गोपालगढ़ से एक किमी के क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर ही एक वर्ष के भीतर मौत हो हुई है।
विज्ञापन


वर्जन-
सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए सबसे जरूरी है यातायात के नियमों का पालन करना। सावधानी हटने पर ही दुर्घटनाएं होती हैं। जहां पांच से अधिक दुर्घटनाएं हुई हैं, उन स्थलों को ब्लैक स्पॉट चिह्नित किया गया है। जनपद में 30 ब्लैक स्पॉट चिह्नित हैं। वहां लोगों को सतर्क करने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। लोगों से अपील है कि हाईवे या अन्य किसी भी मार्ग पर चलते समय यातायात नियमों का पालन और सावधानी जरूर बरतें।
-सत्य साण्याल शर्मा, यातायात निरीक्षक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें