कुछ लोगों पर लगाई ब्याज के रुपये देने के लिए दबाव और धमकी देने का आरोप
तबीयत खराब होने पर शनिवार को भर्ती हुई अस्पताल में, इलाज के बाद रविवार को दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। कप्तानगंज कस्बे के वार्ड नंबर-14 हरिहरनाथ उत्तरी निवासी भाजपा सभासद 22 अगस्त की शाम से लापता हैं। परिवार के लोगों ने पहले तो उनका इंतजार किया। उसके बाद न लौटने पर हर संभावित जगह तलाश की। कहीं पता न चलने पर रविवार को थाने में तहरीर देकर खोजबीन की मांग की।
उनकी पत्नी बबिता ने बताया कि पति नशा करते थे और जुआ भी खेलते थे। कस्बे के कुछ लोगों ने ब्याज पर रुपये दिए थे, जिसे न दे पाने पर घर आकर जान से मारने की धमकी देते थे। उनके पति बिना बताए लापता हो गए हैं। तहरीर मिलने के बाद पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी है।
कस्बे के वार्ड संख्या 14 हरिहरनाथ उत्तरी वार्ड से बैजनाथ चौहान सभासद हैं। 22 अगस्त को सभासद घर से लापता हो गए। घरवालों ने सभासद की तलाश रिश्तेदारों और जानने वालों के यहां की, लेकिन पता नहीं चल सका। पत्नी बबिता ने बताया कि पति के लापता होने के बाद से उनकी तबीयत खराब है। शनिवार को अस्पताल में भर्ती हुई थीं। इलाज के बाद रविवार को उन्होंने थाने में तहरीर दी।
बबिता ने पति का अपहरण होने और अनहोनी की आशंका जताई है। उन्होंने बताया है कि सभासद पति नशा करते हैं। कुछ लोग अधिक ब्याज पर कर्ज देकर जबरन वसूली करते हैं। कर्ज देने वालों ने कुछ दिन पूर्व अपहरण की धमकी भी दी थी।
कप्तानगंज के प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि सभासद के लापता होने की शिकायत मिली है। तलाश की जा रही है।