अध्यक्ष की चार सीटों पर निर्दल और एक-एक सीट पर सपा व बसपा को मिली जीत पडरौना से भाजपा प्रत्याशी विनय जायसवाल लगातार दूसरी बार जीते
संवाद न्यूज एजेंसी
कुशीनगर। नगर निकाय चुनाव के लिए चार मई को पड़े वोटों की गिनती शनिवार को सुबह आठ बजे से शुरू हुई। पडरौना में भाजपा प्रत्याशी और सपा के समर्थकों में विवाद हो गया। पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराया तो खड्डा में मतगणना के अंतिम चरण में प्रत्याशियों के समर्थकों में विवाद हो गया। उसके बाद पथराव में खड्डा के थानाध्यक्ष का सिर फट गया। पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा।
जिले की तीन नगरपालिकाओं और दस नगर पंचायतों में दो नगर पालिकाओं और पांच नगर पंचायतों में अध्यक्ष के प्रत्याशी जीते, जबकि चार सीटों पर निर्दल और नगर पालिका व नगर पंचायत की एक-एक सीट पर सपा-बसपा के उम्मीदवार चुनाव जीतने में कामयाब रहे।
पडरौना नगरपालिका में भाजपा के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी विनय जायसवाल को 21,072 वोट मिले। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के हैदर अली राइनी को 4,284 मतों से पराजित किया। हैदर अली राइनी को 16,788 मत मिले।
कुशीनगर नगर पालिका सीट से भाजपा उम्मीदवार किरन जायसवाल को 32,455 मत मिले। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा प्रत्याशी मुन्नी देवी को 18,438 वोटों से हराया। मुन्नी देवी को 14,017 मत मिले।
हाटा नगरपालिका सीट से सपा उम्मीदवार रामानंद सिंह को 19,793 वोट मिले। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के राजू मद्धेशिया को 2,655 मतों से हराया। राजू मद्धेशिया को 17,138 वोट मिले।
इसके अलावा मथौली बाजार नगर पंचायत में निर्दल प्रत्याशी नवरंग सिंह, तमकुहीराज में भाजपा के जयप्रकाश गुप्ता, दुदही में बसपा की शायदा खातून, सेवरही नगर पंचायत में भाजपा के सोनिया जायसवाल, कप्तानगंज नगर पंचायत में भाजपा की सुशीला खेतान, रामकोला नगर पंचायत में भाजपा की सुनीता चौधरी अध्यक्ष निर्वाचित हुई हैं।
खड्डा नगर पंचायत में भाजपा की प्रत्याशी संगीता वर्मा, सुकरौली से निर्दल प्रत्याशी राजनेती कश्यप, फाजिलनगर में निर्दलीय उम्मीदवार शत्रुमर्दन प्रताप शाही और छितौनी नगर पंचायत में निर्दल प्रत्याशी अशोक निषाद जीते।