खड्डा। खड्डा-नेबुआ मार्ग पर भुजौली गांव के पास ट्रैक्टर-ट्राॅली की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर फरार हो गया। घायल को एंबुलेंस से लोगों ने तुर्कहां सीएचसी भेजा। घायल युवक की हालत गंभीर बताकर डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हनुमानगंज थाना क्षेत्र के हनुमानगंज गांव निवासी विकास (20) और कुंदन (28) रविवार की देर रात बाइक से पडरौना से खड्डा की ओर आ रहे थे। भुजौली गांव के समीप सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्राॅली से उनकी बाइक भिड़ गई। दोनों बुरी तरह से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने एंबुलेंस को सूचना देकर दोनों घायलों को सीएचसी तुर्कहां भेजवाया। वहां डॉक्टर ने विकास को मृत घोषित कर दिया और घायल कुंदन की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।