मल्लूडीह। एनएच-28 पर मल्लूडीह चौराहे पर पेट्रोल पंप के पास बृहस्पतिवार की देर रात किसी वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
देवरिया जिले के बघौचघाट थाना क्षेत्र के तिरमासाहुन टोला तुराव पट्टी गांव निवासी अमित राव (28) के साथ बाइक से तेलंगाना के बाबा नगर नाचराम उप्पल निवासी छोटू कुमार शाह (28) एक ही बाइक से बृहस्पतिवार की देर रात देवरिया जा रहे थे। एनएच-28 पर मल्लूडीह पेट्रोल पंप के समीप किसी वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज हुई कि तेलंगाना के छोटू शाह की मौके पर मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अमित राव को पुलिस ने कसया सीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर बताकर डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सीओ कुंदन सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। किस वाहन से हादसा हुआ है। इसकी जानकारी नहीं है।
सड़क दुर्घटना में जीजा और साला घायल
समउर बाजार। समउर-फाजिलनगर मार्ग स्थित पिपरा कनक गांव के पास बृहस्पतिवार की रात बाइक सवार पिकअप की चपेट में आ गए। इसमें बाइक सवार जीजा और साला गंभीर रूप से घायल हो गए। पटहेरवा थाना क्षेत्र के जवार निवासी मिथुन गौड़ (35) अपने साले रवींद्र गौड़ (25) को लेकर मीर बिहार जा रहे थे। पिपरा कनक गांव के पास समउर की ओर से आ रहे पिकअप की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हेलमेट नहीं पहने होने से दोनों के सिर में गंभीर चोट लगी है। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को सीएचसी फाजिलनगर पहुंचाई। घायलों की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर रेफर कर दिया। वहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।