पडरौना। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के समउर-पटहेरिया मार्ग स्थित बिहार बुजुर्ग गांव के पास एक बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे बांस के झुरमुट में घुस गए। बाइक पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी तमकुहीराज भिजवाया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम करीब चार बजे तमकुहीराज थाना क्षेत्र के सरेया बुजुर्ग के रोहित गुप्ता (18) गांव के भगन कुशवाहा (14) के साथ बाइक से पटहेरवा की तरफ जा रहे थे। समउर-पटहेरिया मार्ग स्थित बिहार बुजुर्ग गांव के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे बांस के झुरमुट में घुस गई। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे समउर बाजार पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने परिजनों को सूचना दी और दोनों घायलों को सीएचसी तमकुहीराज भिजवाया, जहां डॉक्टर ने दोनों की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में रोहित की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने मेडिकल काॅलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। रास्ते में रोहित की मौत हो गई। जबकि भगन की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस संबंध में चौकी इंचार्ज समउर राजेश कुमार गौतम ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को है। मृतक के परिजन पीएम नहीं कराना चाहते थे। इसलिए कागजी कार्रवाई कर शव को उन्हें सौंप दिया गया है। संवाद