तमकुहीराज। हाईवे पर लतवा बाजार के पास शुक्रवार की देर रात ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। रविंद्र नगर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज चल रहा है। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तरया सुजान थाना क्षेत्र के रामपुर बंगरा गांव निवासी संतोष राय (55) व बबलू कुमार (37) बाइक से कसया के तरफ से तमकुहीराज की ओर जा रहे थे। लतवा बाजार के समीप ट्रक ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी और चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को एनएचएआई की एंबुलेंस से सीएचसी तमकुहीराज भेजा। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल संतोष राय (55) की शनिवार को मौत हो गई। इंस्पेक्टर तमकुहीराज अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। टोल प्लाजा पर लगे सीसी टीवी फुटेज की मदद से मौके से फरार ट्रक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।