अहिरौली बाजार। थाना क्षेत्र के कप्तानगंज-पिपराइच मार्ग स्थित सेंदुरिया विशुनपुर गांव के पास बृहस्पतिवार को ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। मौजूद लोग उसे अस्पताल भेजवाने की व्यवस्था कर रहे थे कि घटना स्थल पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस विधिक कार्रवाई में जुट गई। बाइक चालक हेलमेट नहीं पहना था।
महराजगंज जिले के थाना घुघुली के गांव पकड़ी निवासी बृजेश यादव (40) पिपराइच थाना क्षेत्र के गांव सिधावल से घर जा रहे थे। कप्तानगंज-पिपराइच मार्ग पर सेंदुरिया विशुनपुर गांव स्थित ईंट-भट्ठे के पास बोदरवार की तरफ से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भागने लगा। राहगीरों ने ट्रक का पीछा कर पकड़ लिया। उधर मौजूद लोग घायल को अभी अस्पताल भेजवाने की तैयारी में जुटे थे, लेकिन उसी दौरान घटना स्थल पर ही बृजेश ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची 112 नंबर पुलिस और अहिरौली बाजार थाने के एसआई शिवकुमार शर्मा, अमीन अहमद, दिनेश पांडेय, राहुल कुमार विधिक कार्रवाई में जुट गए। मृतक बृजेश के जेब में रखे मोबाइल फोन से मृतक की पहचान हुई। पुलिस ने घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी। इस संबंध में एसओ अहिरौली बाजार मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक पुलिस के कब्जे में है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।