पकवा इनार। कसया थाना क्षेत्र के एनएच-28 स्थित हिरन्नापुर क्राॅसिंग के पास शनिवार की भोर में करीब चार बजे सड़क पर खड़े चार पहिया वाहन से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी कसया ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया। हादसे के बाद कार चालक भाग निकला।
देवरिया जिले के महुआडीह थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव के अमन अली (21) पुत्र चांद अली व इसी थाना क्षेत्र के रामपुर गौनरिया निवासी जुबेर अली (25) पुत्र सलामत अली बाइक से कुशीनगर से घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि एनएच-28 हिरन्नापुर के पास एक निजी गोदाम के पास खड़े चार पहिया वाहन से उनकी बाइक टकरा गई। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना कुशीनगर पुलिस चौकी को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को कसया सीएचसी भिजवाया। वहां डॉक्टर ने अमन अली को मृत घोषित कर दिया, जबकि जुबेर को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
चौकी पर तैनात एसआई अतुल कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। अभी पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर आने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि घायल युवक की हालत में सुधार होने पर ही दुर्घटना का सही कारण पता चल सकेगा। सड़क पर खड़े वाहन के बारे में पता लगाया जा रहा है।