पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के क्रांति चौराहे पर रविवार की देर शाम सब्जी बेचकर बाइक से घर लौट रहा 30 वर्षीय किसान जयगोविंद गुप्ता सड़क के किनारे खड़े ट्राले में टकरा गया। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
लक्ष्मीपुर उर्फ कुर्मीपट्टी गांव के केरवनिया टोला निवासी जयगोविंद गुप्ता पुत्र पारस गुप्ता रविवार को अपने खेत से सब्जी लेकर महराजगंज जनपद के घुघली मंडी में बेचने गए थे। सब्जी बेचकर देर शाम घर लौटते समय घुघली-नौरंगिया मार्ग के क्रांति चौराहे पर पोल्ट्री फार्म के पास सड़क के किनारे सीमेंट लदे ट्राले में टकरा गई। उनका सिर ट्राले की बाॅडी से टकराने से गंभीर रूप से घायल हो गए। दौड़कर पहुंचे दुकानदारों ने घायल को उठाकर एंबुलेंस से कोटवा सीएचसी भेजवाया। वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जयगोविंद तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके दो अबोध बच्चे हैं। युवक की मौत से घर में मातम छाया है। जानकारी पाकर अस्पताल पहुंचीं पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही में जुट गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहना था।