गुरवलिया बाजार(कुशीनगर)। तुर्कपट्टी थानाक्षेत्र की ग्राम पंचायत बरवाराजापाकड़ के मिलन चौराहा व जमुआन नहर पुल के बीच कसया-तमकुहीरोड मार्ग पर शनिवार की शाम 7:30 बजे किसी वाहन की चपेट में आकर साइकिल सवार युवक बुरी तरह घायल हो गया। पुलिस उसे अस्पताल ले गई जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। युवक की शिनाख्त पीलीभीत जनपद के निवासी के रूप में हुई। वह फेरी लगाकर चूड़ी बेचता था। पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी है।
पीलीभीत जनपद के बिसलपुर थानाक्षेत्र के पहाड़गंज का रहने वाला 35 वर्षीय पटवारी पुत्र मट्टू अपनी पत्नी व तीन बच्चों के साथ तीन माह पूर्व तमकुहीराज में आया। वह किराए के मकान में रहता था व साइकिल से गांव में घूमकर चूड़ी-कंगन बेचता था। शनिवार को वह साइकिल से बरवाराजापाकड़ की तरफ चूड़ी बेचने आया था। शाम को वापस जा रहा था कि अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस व पुलिस को सूचना दी। पुलिस उसे लेकर सेवरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गई जहां चिकित्सकों ने जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। तुर्कपट्टी पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी है।