कसया। नगर के सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय के सभागार में बृहस्पतिवार को अक्षय तृतीया के पूर्व संध्या पर भूमिहार समाज की ओर से भगवान विष्णु के छठे अवतार परशुराम की जयंती मनाई गई। शुरुआत भगवान परशुराम के चित्र के समक्ष पुष्पार्चन व दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। सभी ने आशीर्वाद और एकजुट होने का संकल्प लिया।
डॉ. अनिल कुमार सिन्हा ने आगंतुकों का स्वागत कर कार्यक्रम के औचित्य पर प्रकाश डाला। कहा कि त्याग आध्यात्मिकता और आत्म रक्षा के लिए परशुराम की शिक्षाओं को याद करने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित है। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक डॉ. पीके राय ने कहा कि भगवान किसी व्यक्ति विशेष या एक समाज की धरोहर नहीं होते, बल्कि पूरी मानव जाति के लिए ही प्रेरणास्रोत होते हैं। डॉ. उमाकांत राय ने कहा कि अपने तप और पराक्रम से समाज में समता और न्याय की स्थापना करने वाले भगवान परशुराम के आदर्श युगों तक मानव जाति की प्रेरणा के केंद्र रहेंगें। डॉ जीपी राय ने कहा कि शक्ति और भक्ति के प्रतीक भगवान परशुराम भूमिहार समाज के कूल गौरव हैं। जो हमें शस्त्र और शास्त्र दोनों की सीख दिए हैं।इसके अलावा अधिवक्ता जलज सिंह, अशोक राय, जगदंबा राय, रामनरेश राय आदि ने भी भगवान परशुराम के जीवन परिचय पर प्रकाश डाला। अध्यक्षता अखिलेश राय ने करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन से समाज को नई दिशा मिलती है। आभार कुंवर उपेंद्र सिंह व संचालन विरेश कुमार राय ने किया। इस दौरान डीके राय, मुन्ना राय, अरुण राय, राजेश राय, झब्बल राय, प्रदीप राय, भोला मिश्र, वीरेंद्र मिश्र, विजय बहादुर राय, डॉ. ध्रुव राय, पिंटू राय आदि मौजूद रहे।