संवाद न्यूज एजेसी कप्तानगंज। भारतीय किसान यूनियन की तरफ से शुक्रवार को एसडीएम को संबोधित दो सूत्री ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा गया। इसमें दो पुलिया का अप्रोच बनवाने समेत अन्य मांगों को पूरा करने की मांग की।
जिलाध्यक्ष रामचंद्र सिंह की अगुवाई में एसडीएम को संबोधित तहसीलदार कृष्ण गोपाल त्रिपाठी को दिए गए ज्ञापन में संगठन के कार्यकर्ताओं ने कहा कि तहसील क्षेत्र की ग्राम सभा देवरिया बाबू के टोला कोटिया में पुलिया पर लोग बीते दो वर्ष से अप्रोच बनवाने की मांग कर रहे हैं।
ग्रामसभा लाला छपरा के टोला भटवलिया में सरकारी अस्पताल से सरकारी स्कूल होते हुए इमिलिया टोला तक बीते एक वर्ष से सड़क निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है। कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताते हुए पुलिया का अप्रोच और अधूरा पड़े सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग की। इस दौरान चेतई प्रसाद, राम ध्यान, सोहन यादव, जवाहर, गोरख प्रसाद, स्वामीनाथ आदि मौजूद रहे।