मंसाछापर। क्षेत्र के बड़हरा गांव के प्राथमिक विद्यालय में एमडीएम में गड़बड़ी की शिकायत के बाद डीएम के निर्देश पर शुक्रवार को विशुनपुरा बीईओ और एमडीएम के जिला समन्वयक ने जांच की। बिना जांच किए रिपोर्ट लगाने के बाद दोबारा शिकायत की गई थी। जांच में मेन्यू के अनुसार भोजन बनाया गया था और छात्रों की संख्या भी सही दर्ज की गई थी। जांच के बाद शिकायतकर्ता संतुष्ट मिले।
बड़हरा गांव के निवासी हरिश्चंद्र, मुरारी लाल श्रीवास्तव, बलराम, गुलाब ने सीएम पोर्टल पर शिकायत किया था कि प्राथमिक विद्यालय में 35 से 40 बच्चे आते हैं लेकिन हेडमास्टर की तरफ से 155 से लेकर 160 बच्चों की संख्या दिखाकर हर माह 45 से 50 हजार रुपये निकाल लिए जाते हैं। आरोप था कि मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं बनता है। फल और दूध का वितरण नहीं होता है। दोबारा शिकायत के बाद बीईओ जयंत भारती और एमडीएम के जिला समन्वयक जितेंद्र गौतम ने शुक्रवार को जांच की। जांच के दौरान विद्यालय में मेन्यू के अनुसार तहरी बनी थी। नामांकन 125 के सापेक्ष 85 बच्चे उपस्थित मिले। अधिकारियों की जांच के बाद लोग संतुष्ट दिखे।