पडरौना। चुनाव कराने के लिए मतदानकर्मियों से पहले मास्टर ट्रेनर, सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट को प्रशिक्षण कलेक्ट्रेट सभागार में दिया जाएगा। इसके लिए लगभग तैयारी पूरी कर ली गई है। इनको प्रशिक्षण देने के उदित नारायण इंटर कॉलेज में मतदानकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए कॉलेज के 30 कमरे सुरक्षित कर एलईडी टीवी और इंटरनेट लगाया जा रहा है।
जिले में सातवें चरण में एक जून को मतदान करीब 14 हजार मतदानकर्मी कराएंगे। मतदान कराने और ईवीएम चलाने तथा तकनीकी दिक्कतों को ठीक करने के लिए सभी मतदान कर्मियों को उदित नारायण इंटर कॉलेज में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए 30 कमरे सुरक्षित कर लिए गए हैं। एक कमरे में दो सैद्धांतिक और एक व्यावहारिक प्रशिक्षक मौजूद रहेंगे। इसकी तैयारी तेज कर दी गई है। इसके पहले 90 रेगुलर और 12 रिजर्व में रखे गए मास्टर ट्रेनर और 50 से अधिक सेक्टर तथा जोन मजिस्ट्रेट को प्रशिक्षण दिया जाएगा। पीडी जगदीश तिवारी के नेतृत्व में इसकी तैयारी की जा रही है। यह प्रशिक्षण दो दिवसीय होगा। इसको लेकर मंगलवार को सीडीओ और पीडी ने बैठक रणनीति बनाया। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद जफर ने बताया कि मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण देने के लिए सभी तैयारी पूरी कर ली है। 15 से पहले प्रशिक्षण शुरू हो जाएगा। इसके बाद मतदानकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।