संवाद न्यूज एजेंसी
पटहेरवा। तमकुही बीडीओ ने सोमवार को क्षेत्र के सेंदुरिया गांव में बन रहे आंगनबाड़ी भवन और अमृत सरोवर में चयनित पोखरे पर चल रहे निर्माण कार्य की जांच की। जांच के दौरान निर्माण कार्य समय से पूरा नहीं होने और मौके पर उपस्थित नहीं होने पर बीडीओ ने गांव के सचिव का वेतन बाधित कर दिया। इसके बाद जांच करने पहुंचे पटहेरवा में क्षेत्र पंचायत की तरफ से निर्माणाधीन सार्वजनिक शौचालय का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
सोमवार को सुबह करीब नौ बजे तमकुहीराज बीडीओ गोपीनाथ पाठक सेंदुरिया गांव में हो रहे विकास कार्यों की जांच की। उन्होंने आंगनबाड़ी भवन और अमृत सरोवर योजना के तहत गांव के पोखरे पर चल रहे निर्माण कार्य की जांच की। जांच के दौरान बीडीओ ने निर्माण कार्य पूरा नहीं होने पर असंतोष व्यक्त किया। इस दौरान गांव के सचिव जानकारी के बावजूद भी मौके से अनुपस्थित रहे। इसको लापरवाही मानते हुए बीडीओ ने सचिव का वेतन बाधित कर दिया।
इस संबंध में बीडीओ ने कहा कि सोमवार की सुबह करीब नौ बजे विकास कार्यों की जांच करने गए थे। सेंदुरिया ग्राम सभा में आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कार्य पूरा नहीं था। अमृत सरोवर के कार्य में भी लापरवाही मिली है। सूचना के बाद भी सचिव वहां मौजूद नहीं थे। इसको गंभीरता से लेते हुए उनका वेतन बाधित करने के निर्देश दिए गए हैं।