कुशीनगर। न्यायालयी कार्रवाई को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से एसपी केशव कुमार ने बुधवार को जनपद के सभी थानों के पैरोकारों (न्यायालय/डाक) की बैठक की। दस्तावेजों के सुरक्षित रखरखाव के लिए उच्च गुणवत्ता वाले बैग भी वितरित किए गए। पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में एसपी ने पैरोकारों को न्यायालय में लंबित मुकदमों की प्रभावी पैरवी, डाक प्रबंधन, महत्वपूर्ण प्रपत्रों की सुरक्षा तथा समयबद्ध प्रस्तुतीकरण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि न्यायालयीन कार्रवाई और डाक प्रबंधन पुलिस कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसके सुव्यवस्थित संचालन से मुकदमों की पैरवी मजबूत होगी और जनहित के कार्यों में तेजी आएगी। एसपी केशव कुमार ने सभी पैरोकारों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समयबद्धता के साथ करें। उन्होंने कहा कि कुशीनगर पुलिस निरंतर सुधार के साथ आमजन की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान एएसपी सिद्धार्थ वर्मा, सीओ कसया कुंदन सिंह, क्षेत्राधिकारी कार्यालय के उमेश चंद्र भट्ट समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।