पडरौना। शहर के यूएनपीजी कॉलेज खेल परिसर में पडरौना क्रिकेट क्लब की तरफ से 16वें वर्ष कृष्णा साहा व विमलेश मल्ल की स्मृति में रविवार को क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू हुई। उद्घाटन से पूर्व शहर में प्रभातफेरी निकाली गई। पटना और आजमगढ़ के बीच मैच शुरू हुआ। पटना की टीम को नौ विकेट से पराजित कर आजमगढ़ की टीम ने उद्घाटन मैच जीत लिया। 83 रन की शानदार पारी खेलने वाले आजमगढ़ के खिलाड़ी आर्यन को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
पटना टीम के कप्तान जीतू यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। पटना की तरफ सलामी बल्लेबाज आकाश सिंह और निखिल सिंह जब तक विकेट पर टिके रहे, तब तक रन गति में इजाफा होता रहा। 44 रन के स्कोर पर पटना की टीम का पहला विकेट गिरा तो इसके बाद खेलने आये सोनू ने आतिशी पारी खेल टीम को सम्मानजनक स्कोर पर पहुंचा दिया।
सोनू का विकेट गिरते ही पटना की टीम लड़खड़ा गई और एक के बाद एक खिलाड़ी पवेलियन लौट गए। निर्धारित 25 ओवर के मैच में 22वें ओवर की गेंदबाजी में ही पटना की टीम 147 रन बनाकर आउट हो गई। पटना के बल्लेबाजों में आकाश सिंह ने 25, निखिल ने 15, सोनू ने 60 और जीतू यादव ने 11 रनों का सर्वाधिक योगदान दिया। वहीं, आजमगढ़ की तरफ से गेंदबाजी करते हुए फुरकान व वीरेंद्र ने तीन-तीन, आकाश ने दो, पवन व अरशद ने एक-एक विकेट लिए।
148 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे आजमगढ़ के सलामी बल्लेबाज अभय व आर्यन ने पारी की शुरुआत की। अभय के रूप में 14 रन के स्कोर पर पहला विकेट गिरा तो उनकी जगह खेलने आए शैलेंद्र ने धुआंधार बल्लेबाजी की। आर्यन के 83 और शैलेंद्र के 54 रन की शानदार पारी की बदौलत आजमगढ़ की टीम पटना को नौ विकेट से हराकर अगले राउंड में प्रवेश कर गई। पटना की तरफ से गेंदबाज सोनू ने एक विकेट हासिल किया। अंपायर सूरज और अंकित रहे। कमेंट्री प्रिंस तिवारी व स्कोरिंग अभिषेक गैरी, पंकज बर्नवान ने की। प्रतियोगिता से पूर्व निकली प्रभात फेरी को नगरपालिका की पूर्व अध्यक्ष शिवकुमारी देवी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री आरपीएन सिंह, बुद्ध पीजी कॉलेज के पूर्व प्राचार्य प्रोफेसर अमृतांशु शुक्ल, उप निबंधक पडरौना अजय कुमार सिंह, समाजसेवी दीपनारायण अग्रवाल, डॉ. आशीषधर द्विवेदी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख मन्नू सिंह चंदेल, नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष जायसवाल बुलबुल, सतीश साहा, इंद्रजीत जायसवाल बबलू, ऋषिकेश मिश्र, समशेर मल्ल, पाली चौरसिया, सज्जाद अली, नीरज सिंह बिट्टू, गुड्डू अंसारी, अजय साहा आदि मौजूद रहे।