फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: नशे में ओवरलोड चलाता ऑटो, गाना सुनवाता है... देवर हो...

Thu, 18 May 2023 01:53 PM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर।

सार

पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल ने कहा कि ऑटो व ई-रिक्शा में साउंड चेक किया जा रहा है। ऑटो में साउंड सिस्टम से गाने बजाना गलत है। ऑटो या अन्य किसी वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्री नहीं बैठाए जाने चाहिए। बीच वाली सीट पर सवारी बैठाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
पडरौना नगर के रामकोला रोड पर ओवरलोड सवारी भरकर फर्राटा भरते ऑटो चालक।संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कुशीनगर शहर में ऑटो चालकों की मनमानी बेलगाम है। ऑटो चालक अधिक सवारियों को बैठाकर अश्लील गाने सुना रहे हैं। बुधवार को अमर उजाला ने बावली चौक-रामकोला रोड, सुबाष चौक-रविन्द्र नगर के रूट पर ऑटो की पड़ताल की। तब सामने आया कि इन पर पुलिस की कार्रवाई बेअसर है। यात्रा करने के दौरान ऑटो चालक तेज गति से वाहन चलाते हुए अश्लील गाने बजाते हैं। अधिक यात्री सवारी बैठाते हैं, जिससे महिलाओं और युवतियों को दिक्कत होती है। इसको लेकर आईजी ने निर्देश भी दिए हैं। लेकिन इसका पालन जनपद में नहीं हो रहा है।

विज्ञापन


अर्जुंनहा चौराह निवासी सरिता एक प्राइवेट कंपनी में काम करती हैं। वह रोजाना ऑटो में बैठकर पडरौना शहर में आती-जाती हैं। आवाजाही के दौरान रास्ते भर वह इसलिए परेशान रहती हैं कि ऑटो में ओवरलोड यात्री बैठाए जाते हैं। पीछे और बीच की सीट के अलावा चालक के दोनों ओर दो लोग बैठते हैं। बीच वाली सीट पर बैठने वाले पुरुष अक्सर पीछे की सीट पर बैठी महिलाओं और युवतियों के पैरों में अपने पैर सटा देते हैं।

बगल में बैठे लोग भी ऑटो के हिचकोले खाने के बहाने बैड टच (गलत नीयत से छूना) करते हैं। ऑटो के भीतर लगे साउंड सिस्टम पर चालक अश्लील गाने बजाते हैं। मजबूरन सरिता को इन हालात में सफर करना पड़ता है। अकेली सरिता ही नहीं, बल्कि ऑटो से सफर करने वाली महिलाओं, युवतियों और छात्राओं को ऐसी परिस्थितियों का सामना रोजाना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन


 

बुधवार को अमर उजाला ने जब इसकी पड़ताल की तो हकीकत सामने आई। सुबह 9:30 बजे सुभाष चौक रोड पर खड़े एक सीएनजी ऑटो में दो महिलाएं सवार हुईं। इसके पहले से दो पुरुष सवार थे। ऑटो में लगे साउंड सिस्टम पर भोजपुरी गाना बज रहा था देवर हो...। दो मिनट के बाद एक युवती पीछे की सीट पर सवार हुई, लेकिन वह कुछ कारण से उतर गई।

इसके बाद एक महिला आईं। वह बैठीं तो उनके बगल में 40 साल के एक व्यक्ति सवार हुए। उन्होंने अपना मोबाइल फोन निकाला और पूरी सीट पर फैल गए। दो लोगों को आगे बैठाकर ऑटो चालक ने गाड़ी बढ़ा दी। रामकोला रोड पर बस स्टेशन के पास ऑटो पहुंचा तो उसमें दो अन्य महिलाएं भी चढ़ीं। इसके बाद जगह कम पड़ने लगी। पीछे की सीट कुल चार लोग हो गए। इसके बाद भी वह अपनी जगह से टस मस नहीं हुए। वहां से चलकर ऑटो बावली चौक पहुंचा।

चालक ने यहां पर यात्रियों की तलाश की। फिर आगे बढ़ लिया। पुलिस पिकेट से आगे बढ़ते ही चालक ने साउंड की आवाज बढ़ाई तो ऑटो का स्पीडो मीटर 40 से उलछकर 60 पहुंच गया। इस बीच वह मोबाइल फोन पर व्हाट्सएप मैसेज भी चेक करता रहा। सामने ब्रेकर पर ऑटो वाले ने जोर ब्रेक दबाया तो यात्री उछल पड़े। इसका फायदा उठाकर पीछे बैठे यात्री ने एक महिला से कोहनी सटा दी। महिला थोड़ी असहज हुई। इसके बाद फिर से ऑटो अपनी रफ्तार में आ गया।

 
विज्ञापन

ऑटो में ओवरलोड बैठाई जाती है सवारी

शहर में चलने वाले ऑटो में मनमानी तरीके से यात्रियों को बैठाया जाता है। बीच वाली सीट जबरन लगाकर ऑटो चालक लोगों को बैठाते हैं। इससे आमने-सामने बैठने वाले यात्रियों के पैर आपस में टकराते हैं। कम जगह का बेजा फायदा उठाकर मनचले आए दिन महिला यात्रियों से बदसलूकी करते हैं। लेकिन इसकी शिकायत सामने नहीं आ पाती है। मजबूर छात्राएं और महिलाएं चुपचाप सफर कर लेती हैं।

नशे में चलाते हैं ऑटो
एक ऑटो में बैठे दो चालक सिगरेट को खाली करके उसमें कोई मसाला भर रहे थे। उनके अंदाज से ऐसा लगा जैसे वह सिगरेट में कोई दूसरी नशीली वस्तु मिलाकर पीने की तैयारी कर रहे हैं। यात्रियों की मानें तो अधिकांश ऑटो चालक नशे के आदी हैं। ऐसे चालकों के ऑटो में सवार होने पर भी महिलाओं को असहजता होती है।

ये होनी चाहिए सुविधाएं
-सवारी ढोने वाले प्रत्येक वाहन चालक की वर्दी होनी चाहिए। उसके पास परिचय पत्र हो।
- वाहनों की नंबर प्लेट दुरुस्त हो। वह दूर से साफ-साफ नजर आए।
- सभी ऑटो चालक मानक के अनुसार ही सवारी बैठाएं।
- ऑटो पर संचालन का रूट और किराया भी अंकित होना चाहिए।
- वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
- वाहन में गाना बजाने पर भी रोक है।

पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल ने कहा कि ऑटो व ई-रिक्शा में साउंड चेक किया जा रहा है। ऑटो में साउंड सिस्टम से गाने बजाना गलत है। ऑटो या अन्य किसी वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्री नहीं बैठाए जाने चाहिए। बीच वाली सीट पर सवारी बैठाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें