आरओ प्लांट लगवाने के लिए मदद मांगने का ऑडियो वायरल
क्षेत्र पंचायत के कोटे से लगा है आरओ प्लांट
पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर आरओ मशीन लगवाए जाने के लिए निजी अस्पताल संचालकों से सहयोग मांगने का ऑडियो वायरल हुआ है। ऑडियो के आधार पर दावा किया जा रहा है कि यह प्रभारी चिकित्साधिकारी ने क्षेत्र के कई निजी अस्पताल संचालकों से चंदे के रूप में मदद मांगी थी। हालांकि आरओ प्लांट केंद्रीय वित्त राज्य योजना के तहत क्षेत्र पंचायत के बजट से स्थापित किया गया है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वर्ष 2022 के अगस्त माह में सात लाख रुपये के बजट से आरओ प्लांट लगाया गया था। इसका शुभारंभ खड्डा के विधायक विवेकानंद पांडेय और ब्लॉक प्रमुख शशांक दुबे ने किया था। जनवरी माह में इससे संबंधित एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें बातचीत के दौरान यह कहा जा रहा है कि ‘एक आरो मशीन लगवाना हैं, जिसमें चालीस हजार रुपये खर्च है, उसके लिए दान स्वरूप सहयोग चाहिए’। ऑडियो में सहयोग देने वाले कोटवा स्थित कई निजी अस्पतालों का नाम लिया जा रहा है। अस्पताल संचालक शाम तक सहयोग राशि उपलब्ध कराने की बात कह रहे हैं। ऑडियो वायरल होने के बाद यह कहा जा रहा है कि आरओ प्लांट लगाने के नाम पर वसूली की गई है। हालांकि ऑडियो में बातचीत करने वाले प्रभारी चिकित्साधिकारी ने आरोपों को निराधार बताया है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लोगों को स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने के लिए सात लाख रुपये की लागत से आरओ मशीन लगी है। उसी के नाम प्रभारी चिकित्साधिकारी कुछ अस्पताल संचालकों से रुपये मांग रहे हैैं। ऐसा ऑडियो से साबित हो रहा है। इसकी जांच कराने के लिए हमने उच्चधिकारियों को पत्र लिखा है।
शेषनाथ यादव, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि, नेबुआ नौरंगिया
वायरल ऑडियो से हमारा कुछ भी लेना देना नहीं है। आरओ मशीन लगवाने के नाम पर किसी भी अस्पताल संचालक से कोई सहयोग राशि या दान न मांगा गया है न लिया गया है। सभी आरोप निराधार हैं।
डॉक्टर मंतोष कुमार, प्रभारी चिकित्साधिकारी नेबुआ नौरंगिया