- पहले दफ्तर खोलकर नौकरी दिलाने के नाम पर कराते थे प्रशिक्षण, वसूलते थे मनमानी फीस
संवाद न्यूज एजेंसी
कसया। कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवक जालसाजों के झांसे में आ जा रहे हैं। एयरपोर्ट के अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल फोन पर मौखिक रूप से शिकायतें मिल रही हैं। एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से बार-बार चेतावनी भी दी जा रही है कि लोग जालसाजों के चक्कर में न आएं। एयरपोर्ट के अधिकारियों का कहना है कि विभाग की अधिकृत वेबसाइट पर ही नौकरी के विज्ञापन निकाले जाते हैं। इसकी सूचना इंप्लायमेंट न्यूज पेपर के अलावा राष्ट्रीयकृत अखबारों में प्रकाशित की जाती है। किसी विशेष व्यक्ति के कहने से एयरपोर्ट में नौकरी नहीं मिल जाती।
अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर आए दिन लोग रिक्वायरमेंट के लिए आ रहे हैं। यह भी सूचना मिल रही है कि कुछ लोग जाॅब के लिए वेबसाइटों पर आवेदन भी कर रहे हैं। नौकरी में भर्ती के लिए दीवारों पर पैंफ्लेट लगवाकर उसमें दसवीं से ग्रेजुएट पास बेरोजगारों को सुपरवाइजर, ग्राउंड स्टाॅफ, लोडर, टेक्नीशियन, स्टोर इंचार्ज आदि पदों पर भर्ती कर 10 हजार से लेकर 35 हजार तक वेतन, भोजन भत्ता देने का लालच दे रहे हैं। जालसाज किस कंपनी या फर्म के जरिए नौकरी दिलाएंगे, यह बात सार्वजनिक नहीं करते हैं। पैंफ्लेट पर मात्र एक मोबाइल फोन नंबर दिया जाता है। वही संपर्क का माध्यम है। स्थानीय लोगों से संपर्क नहीं करते हैं। दूर-दराज के लोगों को अपने झांसे में लेते हैं।
00000
नगर के रामकोला रोड पर कुछ दिनों तक चला है हवाईअड्डे पर नौकरी दिलाने के नाम पर प्रशिक्षण-
कसया नगर के लोगों की मानी जाए तो अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर नौकरी दिलाने के नाम पर रामकोला रोड पर पिछले साल तक एक निजी मकान में कोचिंग सेंटर संचालित किया गया है। वहां बाकायदा क्लास चल रही थी। उन अभ्यर्थियों से सारी औपचारिकताओं के लिए बांड बनवा लेते थे। ड्रेस के साथ उन लोगों काे प्रशिक्षण दिया जाता था। करीब छह महीने संचालन के बाद उसे बंद कर दिया। उसका कीं पंजीकरण भी नहीं था। लोग उसे ढूंढने अभी भी आते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि काफी युवक-युवतियों का पैसा लेकर भाग गए। प्रशिक्षण के नाम पर संस्था संचालित करने वाले बिहार के बेतिया, गोपालगंज, सिवान, छपरा के लोग शामिल थे। नाम न छापने के शर्त पर एक व्यक्ति ने बताया कि हवाईअड्डे पर नौकरी दिलाने के नाम पर एक से दो लाख तक रुपये लेते थे।
00000
युवकों को झांसे में लेने के लिए दीवारों पर लगाते हैं पोस्टर
पिछले साल नगर में कई जगह विज्ञापन वाले पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों पर ‘डायरेक्ट एयरपोर्ट भर्ती’ लिखकर मोबाइल नंबर दिया गया है। इन पोस्टरों पर डायरेक्ट एयरपोर्ट भर्ती लिखा रहता है। उसमें आठवीं, दसवीं, ग्रेजुएट लड़के और लड़कियाें की मांग होती है। इस पर पोस्ट पासपोर्ट चैकर्स, असिस्टेंट सुपरवाइजर, सुपरवाइजर, हेल्पर सैलरी के अलावा (रहना-खाना फ्री, ओवरटाइम भी) दर्ज रहता है। इस तरह से युवक-युवतियों को प्रलोभन दिया जाता है।
0000
किसी के झांसे में न आएं, सीधे वेबसाइट पर करें आवेदन
कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के डायरेक्टर राजेंद्र प्रसाद लंका ने कहा कि एयरपोर्ट में जाॅब की अधिकृत वेबसाइट पर ही ऑनलाइन आवेदन करने की जरूरत है। किसी के झांसे में आकर एयरपोर्ट में नौकरी के लिए इधर-उधर न फंसें। प्रतिदिन मौखिक सूचना मिल रही है कि लोग नौकरी के लिए एयरपोर्ट पर आकर पूछताछ कर रहे हैं। कुछ लोग हवाईअड्डे पर नौकरी के लिए किसी से बातचीत करके उनको पैसा भी दिए हैं। इसमें ऑनलाइन लिंक भेजकर, फर्जी वेबसाइट से पैसे लेने की बात आ रही है। अब तक लिखित सूचना नहीं मिली है। जिन्हें एयरपोर्ट में जॉब करने की इच्छा हो वे www.aai.aero वेबसाइट पर सर्च करके नौकरी के लिए अपना आवेदन कर सकते हैं।