मानदेय के लिए आशा कार्यकर्ताओं ने सीएमओ दफ्तर पर लगाया ताला
- वीडियो बनाने पर बिफरे सीएमओ, प्रदर्शन कर बुलंद की आवाज
भुगतान के आश्वासन पर बनी बात
पडरौना। आठ महीने से मानदेय नहीं मिलने से नाराज आशा कार्यकर्ताओं शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सीएमओ कार्यालय के गेट पर ताला जड़ दिया। हंगामा होने पर सीएमओ ने पुलिस बल बुलवा ली। करीब साढ़े तीन घंटे तक आशाओं ने प्रदर्शन किया। सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया के 12 दिसंबर तक मानदेय भुगतान के आश्वासन पर आशा कार्यकर्ता लौट गईं।
जनपद की करीब सौ आशा कार्यकर्ता दोपहर दो बजे सीएमओ कार्यालय पहुंच गईं। बीते आठ माह से मानदेय नहीं मिलने को लेकर धरने पर बैठ गईं। आशाओं का कहना था कि सीएमओ अपने कक्ष से आकर ज्ञापन लें। सीएमओ की ओर से विलंब करने पर आशाओं ने सीएमओ कार्यालय पर ताला लगा दिया। सीएमओ ने फोन करके पुलिस बुलवा लिया।
जिला अध्यक्ष रेनू राय, कुबेरस्थान सीएचसी ब्लाक की अध्यक्ष सृजावती मिश्रा, खड्डा सरोज गिरी, राजकुमारी, रीता पटेल, गीता सिंह, मंजू पासवान, निर्मला चौबे, रंजिता सहित अन्य सीएचसी अध्यक्ष व आशाओं का कहना था कि आशा कार्यकर्ता पर अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। आठ महीने से मानदेय नहीं मिल रहा है। कर्ज लेकर जीवन यापन करना पड़ रहा है। गर्भवती महिलाओं की देखरेख के लिए घर-घर चक्कर लगाने पड़ते हैं। इसके लिए भी पैसा खर्च होता है। वहीं प्रति प्रसव के बाद मिलने वाली छह सौ रुपये की धन राशि भी नहीं मिल रही है। बीते फरवरी में मुख्यमंत्री की ओर से मिलने वाले 12000 रुपये की प्रोत्साहन राशि का भुगतान अभी तक नहीं हो सका है।
12 दिसंबर तक दिया समय, वीडियो बनाने पर नाराज हुए सीएमओ
आशाओं ने सीएमओ की बातों का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इस पर सीएमओ नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि वीडियो मत बनाओ। सीएमओ ने 12 दिसंबर तक मानदेय उनके खातों में भेजने का समय दिया। आशाओं ने कहा कि यदि समय से मानदेय का भुगतान नहीं हुुआ तो वह 13 दिसंबर से फिर से धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगी। जिलाध्यक्ष रेनू राय ने बताया कि पिछली बार सीएमओ ने लिखित तौर पर 30 अगस्त तक मानदेय का भुगतान कराने का आश्वासन दिया था।
आशाओं ने कार्यालय पर प्रदर्शन किया। लोगों ने गेट पर ताला भी लगा दिया। आशाओं को मानदेय देने में प्रदेश में जनपद तीसरे स्थान पर है। बकाया मानदेय भुगतान के लिए अधिकारियों को अवगत कराया गया है।
डॉ. सुरेश पटारिया, सीएमओ कुशीनगर