झांसी के अनिल ने नेपाल के उपेंद्र को दी पटखनी
कसया। दशहरा, गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर क्षेत्र के ग्राम धुरिया गांव में कुश्ती आयोजित हुई। इसमें क्षेत्रीय पहलवानों के अलावा नेपाल के पहलवानों ने दांव आजमाया।
मुख्य अतिथि अमित मालवीय ने पहलवानों के हाथ मिलवाकर कुश्ती का शुभारंभ कराया। इसके पूर्व भृगु श्रीवास्तव, ग्राम प्रधान विजय बहादुर राय, ग्राम प्रधान मोहनलाल गुप्ता, ग्रामप्रधान राजेश कुमार शर्मा, सिद्धार्थ शंकर राय, विश्व विजय राय आदि ने अखाड़ा का पूजन किया। सबसे पहले हुई कुश्ती में झांसी के अनिल ने नेपाल के उपेंद्र थापा को आसमान दिखाया।
इसके अलावा गाजीपुर के पंकज व कानपुर के संजय, पकहा के विशाल व नौतन हथियागढ़ के अभिषेक, देवरिया के हरिकेश व सुकरौली के मोहित, देवरिया के पंकज यादव व राहुल यादव, मठिया के करन व पकहा के महफूज, मेरठ के गौरव व नंदनी नगर के भगवान के बीच दंगल मुकाबला हुआ। अंत में अतिथियों ने विजयी पहलवानों को पुरस्कृत किया। कुश्ती में अलाउद्दीन ने रेफरी की भूमिका निभाई। संतोष कुमार व अशोक कुमार यादव ने कुश्ती का संचालन किया।
इस दौरान चंद्रिका यादव, रामदेव, टुनटुन यादव, रविंद्र सिंह, नगेंद्र यादव, शंकर राय, होरिल राय, वकील यादव, बसंत लाल, जयंत्री राय, मार्कंडेय तिवारी आदि मौजूद रहे।