पडरौना। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बोदरवार बाजार निवासी अफरोज के पांच वर्षीय बेटे की मौत पानी में डूबने से हुई थी। मंगलवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम के बाद दरवाजे पर शव लाया गया। घर वालों ने शव को दफना दिया। पीड़ित परिवार अब भी अनस की हत्या का आरोप लगा रहा है। हालांकि, पुलिस फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
बोदरवार कस्बे के अफसरोज का पांच वर्षीय बेटा अनस रविवार को सुबह घर से निकला। काफी देर बाद वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने तलाश शुरू की। जब अनस का पता नहीं चला तो पिता ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू की। संदेह के आधार पर पुलिस ने रविवार को अनस के घर के पास तालाब में जाल डलवाया, लेकिन अनस का पता नहीं चला। सोमवार को दिन में करीब 11 बजे गांव वालों ने अनस का शव घर के पास तालाब में उतराया हुआ देखा और शोर मचाया। गांव वालों की मदद से घर वालों ने बच्चे का शव तालाब से निकाला औ कप्तानगंज-गोरखपुर मार्ग जाम कर दिया। फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वाड ने भी मौके पर जांच की। कप्तानगंज एसडीएम योगेश्वर सिंह के आश्वासन पर लोगों ने जाम खत्म किया और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। सीओ कुंदन सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तालाब में डूबने से बच्चे की मौत की रिपोर्ट आई है। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद और स्पष्ट हो जाएगा।