किशोरी दोपहर में घर से हुई थी गायब, तालाब की रखवाली करने वाले ने रात आठ बजे देखा शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
हाटा। बुधवार की रात करीब आठ बजे हाटा मुख्य बाजार में स्थित तालाब में किशोरी का शव मिला। उसकी पहचान मुख्य बाजार की निवासी मोनी राजभर के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हाटा नगर के मुख्य बाजार निवासी बलराम राजभर की 14 वर्षीय पुत्री मोनी राजभर दोपहर के समय से घर से गायब थी। परिवार के लोग उसे ढूंढ रहे थे, लेकिन देर शाम तक उसका कुछ पता नहीं चला। रात करीब आठ बजे उसके घर से थोड़ी दूरी पर स्थित तालाब की रखवाली करने वाला एक युवक वहां गया। रोज की तरह टॉर्च जलाकर वह तालाब के चारों तरफ घूम रहा था। तभी टाॅर्च की रोशनी में उसे पानी के किनारे एक शव दिखा।
उसने शोर मचाया तो वहां मोहल्ले के और भी लोग इकट्ठा हो गए। पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से जब शव को पानी के बाहर निकला तो उसकी पहचान मोनी राजभर के रूप में हुई। पुलिस ने शव का पंचनामा कराकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह का पता चलेगी।