पटहेरवा थाना क्षेत्र के पिपरा कनक गांव की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
समउर बाजार। बकरी चराने गई पिपरा कनक गांव की एक महिला को किसी सर्प ने डस लिया। घर पहुंचकर उसने परिवार के लोगों को बताया। परिजन से अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि वह गिरकर बेहोश हो गई। परिवारवाले उसे फाजिलनगर के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पटहेरवा थाना क्षेत्र के पिपरा कनक निवासी गोपाल प्रसाद की पत्नी प्रमिला देवी (32) शनिवार को दोपहर में गांव के दक्षिण एक बगीचे में बकरी चराने गई थीं। वह बगीचे में रखे पुआल पर जैसे ही बैठीं, उसमें छिपे एक सर्प ने उन्हें डस लिया।
वह गिरती-पड़ती किसी तरह अपने घर पहुंचीं और परिवारवालों को जानकारी दी। इसके बाद गिरकर बेहोश हो गईं। परिजन फाजिलनगर के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई।
ग्राम प्रधान मजीबुल होदा ने बताया कि इस महिला की सास को भी करीब तीन साल पहले उसी बगीचे में सर्प ने डस लिया था, जिससे उनकी भी मौत हो गई थी। प्रमिला के पति गोपाल प्रसाद रोजगार के सिलसिले में पुणे कमाने गए हैं। प्रमिला अपनी दो बेटियों व एक बेटे के साथ घर पर रहती थीं।
00000
राकेश कुमार गौंड़ ।